June 6, 2026

राजधानी रायपुर में विजयादशमी पर्व पर रावण दहन की तैयारियां पूरी, यातायात और पार्किंग व्यवस्था तय

011025

राजधानी रायपुर में विजयादशमी पर्व पर रावण दहन की तैयारियां पूरी, यातायात और पार्किंग व्यवस्था तय

रायपुर। राजधानी रायपुर में विजयादशमी पर्व पर रावण दहन कार्यक्रम इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन ने शहर के प्रमुख स्थानों पर होने वाले रावण दहन उत्सव के लिए विशेष यातायात और पार्किंग व्यवस्था की घोषणा की है।

प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग रावण दहन देखने पहुंचेंगे। भीड़ प्रबंधन और सुगम यातायात संचालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग और नगर निगम ने संयुक्त रूप से तैयारियां की हैं।

इस वर्ष रावण दहन कार्यक्रम मुख्यतः पांच प्रमुख स्थलों पर आयोजित होगा—

डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी दशहरा मैदान

रावणभाठा मैदान, भाठागांव

बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर

चौबे कॉलोनी दशहरा मैदान

सप्रे शाला मैदान

इन पांच स्थलों पर बड़े पैमाने पर दर्शकों के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विस्तृत यातायात योजना तैयार की है। इसके तहत प्रत्येक स्थल के लिए अलग-अलग पार्किंग एरिया और प्रवेश मार्ग तय किए गए हैं, ताकि लोगों को असुविधा न हो और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी दशहरा मैदान

डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी मैदान में रावण दहन देखने पहुंचने वाले दर्शक फाफाडीह की ओर से खमतराई ओवरब्रिज के नीचे से होते हुए मैदान तक पहुंचेंगे। यहां आने वाले लोग अपने वाहन कॉलोनी की गलियों और केंद्रीय विद्यालय के पास स्थित मैदान में पार्क कर सकेंगे। वहीं खमतराई और उरकुरा से आने वाले लोग रेलवे क्रॉसिंग के पास अपने वाहन पार्क करेंगे और पैदल मैदान में प्रवेश करेंगे।

रावणभाठा मैदान, भाठागांव

भाठागांव स्थित रावणभाठा मैदान में आने वाले दर्शकों को रिंग रोड नंबर-1 के बस स्टैंड प्रवेश मार्ग के किनारे वाहनों को पार्क करने की सुविधा दी गई है। इसके अलावा नेहरू नगर से आने वाले दर्शक अपना वाहन बस टर्मिनल के सामने खाली मैदान में पार्क कर पैदल दशहरा मैदान में प्रवेश करेंगे।

बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर

नगर बी.टी.आई. ग्राउंड में आयोजित रावण दहन के लिए कचना-खम्हारडीह मार्ग को पार्किंग स्थल बनाया गया है। यहां दर्शक अपने वाहन सड़क के किनारे पार्क कर सकेंगे। हालांकि शंकर नगर मुख्य मार्ग पर किसी भी प्रकार के वाहन पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।

चौबे कॉलोनी दशहरा मैदान

चौबे कॉलोनी मैदान में दशहरा उत्सव देखने आने वाले लोग जी.ई. रोड से चौबे कॉलोनी टर्निंग या अग्रसेन चौक से समता कॉलोनी होकर पहुंच सकते हैं। यहां वाहनों को सीधे मैदान के पास मुख्य मार्ग पर खड़ा करने की बजाय कॉलोनी की संपर्क गलियों में पार्क करने की व्यवस्था की गई है।

सप्रे शाला मैदान

सप्रे शाला में रावण दहन के लिए आने वाले दर्शकों के वाहनों को बूढ़ातालाब पार्किंग स्थल और गांधी मैदान में पार्क करने की व्यवस्था की गई है। इन दोनों पार्किंग स्थलों से लोग पैदल ही मैदान तक पहुंचेंगे।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा

प्रशासन ने अनुमान लगाया है कि इस वर्ष भी शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इन कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसलिए हर स्थल पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस द्वारा भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और डायवर्जन योजना लागू की जाएगी।

 

You may have missed