अमेरिकी ट्रैरिफ से लाल निशान में खुला भारतीय शेयर बाजार, आईटी शेयरों में दबाव
अमेरिकी ट्रैरिफ से लाल निशान में खुला भारतीय शेयर बाजार, आईटी शेयरों में दबाव
मुंबई, भारतीय शेयर बाजार नए वित्त वर्ष 2025-26 के पहले कारोबारी सत्र में मंगलवार को लाल निशान में खुला। बाजार में चौतरफा गिरावट देखी जा रही है। सुबह 9:21 पर सेंसेक्स 326 अंक या 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,088 और निफ्टी 64 अंक या 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,454 पर था। बाजार में गिरावट की वजह 2 अप्रैल से अमेरिका द्वारा अपने ट्रेडिंग पार्टनर देशों पर लगाए जाने वाले जवाबी टैरिफ को माना जा रहा है। बिकवाली का दबाव आईटी शेयरों में देखने को मिल रहा है। शुरुआती कारोबार में, निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.37 प्रतिशत फिसल गया है। इसके अलावा, फाइनेंशियल, फार्मा, एफएमसीजी, मेटल, रियल्टी और प्राइवेट बैंक इंडेक्स लाल निशान में हैं। वहीं, ऑटो, पीएसयू बैंक और एनर्जी में हरे निशान में हैं।
लार्जकैप के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी गिरावट है। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 57 अंक या 0.11 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 51,615 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 82 अंक या 0.51 प्रतिशत गिरकर 16,013 पर था। गिरावट के बाद भी, बाजार में चढ़ने वाले शेयरों की संख्या अधिक है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर 843 शेयर हरे निशान और 323 शेयर लाल निशान में थे।
